शिमला के बनूटी में खेल महाकुंभ शुरू, 10 हजार खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के बनूटी में खेल महाकुंभ शुरू, 10 हजार खिलाड़ी ले रहे हिस्सा


शिमला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला ग्रामीण के बनूटी में रविवार को खेल महाकुंभ 2026 का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में करीब 10 हजार खिलाड़ी विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री और हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स कल्चर एन्वॉयरमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ भी दिलाई।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं में खेलों को बढ़ावा देना और नशे के बढ़ते चलन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। इनके माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल कर सकते हैं।

खेल महाकुंभ में क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, कबड्डी और बैडमिंटन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा मॉडलिंग और लोकनृत्य को भी आयोजन में शामिल किया गया है। इससे खिलाड़ियों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ आगे बढ़ रही हैं। हिमाचल की महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आगे आने के अवसर देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, आपसी भाईचारे और नशामुक्त समाज का संदेश पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

मंत्री ने कहा कि शिमला ग्रामीण को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर और वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया कि शिमला ग्रामीण में 600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में प्रदेशभर में एक हज़ार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को गति दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story