प्रधानमंत्री मोदी के पिता पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगें मल्लिकार्जुन खड़गे : बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के पिता पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगें मल्लिकार्जुन खड़गे : बिंदल


शिमला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी पराजय की हताशा में राजनीतिक मर्यादा भूल रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और नीतियों की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।

बिंदल ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके परिवार के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी टिप्पणियों की निंदा करती है और खड़गे को अपने कथित वक्तव्य के लिए देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं से सबक लेने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बना रही है। उनके अनुसार कांग्रेस नेतृत्व अपनी गलतियों की जिम्मेदारी स्वीकार करने के स्थान पर राजनीतिक माहौल को कटु बनाने का प्रयास कर रहा है।

बिंदल ने कांग्रेस नेतृत्व पर देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश की जनता अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील की।

उन्होंने भारत को बांग्लादेश जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने संबंधी कथित विचारों को चिंताजनक बताया। बिंदल ने कहा कि भारत एक सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र है और यहां राजनीतिक मतभेदों का समाधान संविधान तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से होना चाहिए।

बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा आगे बढ़ रही है। कांग्रेस की ओर से की जाने वाली व्यक्तिगत टिप्पणियां, गाली-गलौज और राजनीतिक आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को शालीनता तथा लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766860 Articles

Share this story