राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध: राजेश धर्माणी

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध: राजेश धर्माणी


मंडी, 11 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के करसोग में सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला के समापन समारोह में प्रदेश सरकार के टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। इस मौके पर ममलेशवर महादेव मंदिर से लेकर मेला मैदान तक देवों के देव ममलेशवर महादेव की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसमें देवताओं सहित सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री ने अपने संबोधन में देवों के देव ममलेश्वर महादेव और यहां उपस्थित सभी देवी-देवताओं को नमन करते हुए कहा कि मेले हमारे पहाड़ी प्रदेश की समृद्ध प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है, जिन्हें संजो कर रखना हम सभी का दायित्व है ताकि आने वाली पीढ़ियों को हम अपनी समृद्ध संस्कृतिक से जोड़ सके।

उन्होंने कहा कि आईटीआई भवन करसोग के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवा कर शीघ्र पूरा किया जाएगा और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप करसोग आईटीआई में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के साथ मिलकर प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। व्यवस्थित निर्माण को बढ़ाया दिया गया है ताकि आने वाले समय में, पूर्व में हुई प्राकृतिक आपदाओं जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सिस्टम को सुदृढ़ किया जा रहा है। नियम कानूनों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। सिस्टम के सुदृढ़ होने से आमजन लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दूध के मूल्य में ऐतिहासिक बढ़ौतरी कर दूध का मूल्य 31रुपए से 61रुपए किया है। प्राकृतिक विधि से उगाई गई गेहूं और मकी के खरीद मूल्य में भी वृद्धि की गई है।

मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने मुख्यातिथि को परम्परानुसार शाॅल, टोेपी व मेले का समृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने विभिन्न खेलों के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेश राज, मिल्क फेड निदेशक मंडल के सदस्य डॉ केवल शर्मा पूर्व ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा, डीएसपी करसोग चांद किशोर, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story