हमीरपुर में मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस
हमीरपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस रविवार को हमीरपुर में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह सुबह 10 बजे हमीरपुर के शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान जिला के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और कारगिल के युद्ध में शहीद हुए जिला हमीरपुर के 8 सैनिकों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक ने सभी जिलावासियों और विशेषकर भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों से इस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

