राजीव बिंदल ने पौड़ी वाला शिव मंदिर में कांवड़ दल का किया स्वागत
नाहन, 11 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को नाहन के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र पौड़ी वाला शिव मंदिर के समीप मैनथपल सेवा दल के कांवड़ दल का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी पावन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ यात्रियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पवित्र गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए निकले कांवड़ यात्रियों की यह यात्रा आस्था, भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का सुंदर प्रतीक है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में दिखाई देने वाला उत्साह और भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा मन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देती है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्था और सेवा भावना से जुड़ी हुई है। देशभर से श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कठिन यात्राएं करते हैं। इस दौरान सेवा दलों एवं स्थानीय लोगों द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा और सहायता करना भी हमारी सामाजिक एवं धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन की पावन धरती सदैव धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक सद्भाव की भावना से ओत-प्रोत रही है। कांवड़ यात्रियों का स्वागत करना और उनकी सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है।महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और नाहन की यह पावन धरती सदैव भक्ति, श्रद्धा और सेवा की भावना से ओत-प्रोत रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

