कांगड़ा के 58 युवा प्रधानमंत्री से करेंगे संवाद

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत “मेरा युवा भारत” प्रतियोगिता के तहत ‘बजट क्वेस्ट 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 12 से 13 अप्रैल 2026 तक पंजाब विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर, सेक्टर-25, चंडीगढ़ स्थित विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी संस्थान में किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के तहत प्रश्नोत्तरी का आयोजन 2 फरवरी 2026 से आरंभ किया गया था, जबकि 17 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। 10 मार्च 2026 को राज्य स्तर की रैंक सूची जारी की गई। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं ने भाग लिया। इसमें हिमाचल प्रदेश से 262 प्रतिभागियों का चयन हुआ, जिनमें कांगड़ा जिले के 58 युवा शामिल हैं।

चयनित प्रतिभागियों को 13 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और पंजाब से कुल 714 चयनित युवा भाग लेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की बजट प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, उनकी समझ को विकसित करना और उन्हें नीति निर्माण से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा, समूह गतिविधियों, प्रश्नोत्तरी और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा। यह मंच युवाओं को अपनी सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।

मेरा युवा भारत इस पहल के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए सशक्त बना रहा है।

मेरा युवा भारत कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने जानकारी देते हुए युवाओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभी युवाओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने की अपील भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story