विश्व पर्यटन दिवस पर एयरपोर्ट से मैकलॉडगंज तक होगा पर्यटकों का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को कांगड़ा जिले में पर्यटन विभाग और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों के सहयोग से विशेष कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का विशेष स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मैकलॉडगंज तक पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्थलों पर पर्यटकों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मैकलॉडगंज के मुख्य चौक में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पर्यटकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए होटल व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। जिले के होटल और अन्य पर्यटन इकाइयों से भी अपील की गई है कि वे अपने यहां ठहरने वाले विदेशी पर्यटकों का विशेष रूप से स्वागत करें।

उन्होंने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के साथ पर्यटन सप्ताह के तहत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय और राजकीय महाविद्यालय में भी पर्यटन से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 21 सितंबर से शुरू हुए त्रिगर्त कार्निवल में भी पर्यटन विभाग की भागीदारी है। विनय धीमान ने बताया कि गुलेर कॉन्क्लेव में विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। इसके तहत प्रागपुर, गुलेर और मसूर क्षेत्र को त्रिकोणीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस कार्य में केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थियों का सहयोग लिया जाएगा और भविष्य में विरासत पर्यटन को लेकर नीति दस्तावेज तैयार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राजकीय होटल प्रबंधन संस्थान धर्मशाला में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों, प्राध्यापकों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आतिथ्य क्षेत्र के लिए मानव संसाधन विकास और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसरों पर चर्चा हुई। आने वाले समय में केंद्रीय विश्वविद्यालय के साथ आतिथ्य प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की योजना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story