तपोवन में सुरक्षा का कड़ा पहरा, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)।
तपोवन में सोमवार से शुरू होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। विधानसभा भवन और परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी की जाएगी। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सत्र के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक कांगड़ा की रहेगी।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने रविवार को सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तपोवन विधानसभा भवन की सुरक्षा पूर्व की भांति पुख्ता रखी जाएगी। वहीं, भवन में मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य भी समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पठानियां ने बताया कि 14वीं विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र 16 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू होगा और 21 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल छह बैठकें होंगी। शनिवार को भी सदन की बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि 19 नवंबर को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। सत्र के पहले दिन पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया और विधानसभा सदस्य नंद लाल के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे।
सत्र में गूंजेंगे 414 सवाल
उन्होंने बताया कि सदस्यों की ओर से प्रश्नों के माध्यम से कुल 414 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 219 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत तीन, नियम 101 के तहत तीन और नियम 130 के तहत नौ सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। सदस्यों ने मुख्य रूप से सड़कों-पुलों के निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन, रिक्त पदों को भरने, पर्यटन, बागवानी, पेयजल, नशे की रोकथाम, बढ़ते अपराध और परिवहन व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के संचालन को लेकर सोमवार सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इसमें संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष और दोनों दलों के मुख्य सचेतक सहित प्रमुख नेता शामिल होंगे। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग देने की अपील की, ताकि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
पास के बिना नहीं मिलेगी प्रवेश की अनुमति
तपोवन विधानसभा परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। परिसर के भीतर पार्किंग स्टीकर केवल मंत्रिपरिषद के सदस्यों, मुख्य संसदीय सचिवों, विधायकों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और प्रशासनिक सचिवों को जारी किए जाएंगे। विभागाध्यक्षों और विभागीय वाहनों को ड्रॉपिंग पास मिलेगा। मुख्य प्रवेश द्वार नंबर एक से केवल निर्धारित वीआईपी वाहनों को प्रवेश मिलेगा, जबकि अन्य पासधारक वाहनों के लिए गेट नंबर दो निर्धारित किया गया है। दर्शक दीर्घा में जाने वाले आगंतुकों को उपलब्धता के आधार पर पास जारी होंगे और उनका प्रवेश गेट नंबर सात से होगा। मीडिया कर्मियों के लिए गेट नंबर एक और पांच निर्धारित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

