शीतकालीन सत्र : शोकोद्गार के दौरान सदन ने दो दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 16 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के तपोवन में शुरू हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही की शुरुआत दिवंगत विधायक नंद लाल और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के शोकोद्गार के साथ हुई। सदन ने दोनों दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके निधन को प्रदेश की राजनीति में बड़ी क्षति बताया। इससे पूर्व शोक प्रस्ताव के दौरान उस समय सदन में असहज स्थिति बन गई, जब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार को अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा। इससे पहले चुराह से भाजपा विधायक हंसराज ने भी इशारे से इस पर आपत्ति जताई थी।

शोक प्रस्ताव पर अपने विचार रखते हुए हंसराज ने कहा कि जब सदन में शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हों तो सभी सदस्यों को सदन की गरिमा और परंपराओं का ध्यान रखना चाहिए। उनके अनुसार विनय कुमार को उस समय अपनी सीट पर बैठना चाहिए था।

सदन में करीब सवा घंटे तक मुख्यमंत्री सहित विभिन्न विधायकों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इस दौरान दोनों दिवंगत नेताओं के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

गौरतलब है कि सत्र के पहले दिन की कार्यवाही दोपहर बाद दो बजे शुरू हुई। इस दौरान सिर्फ दिवंगत दो विधायकों के निधन पर शोक प्रकट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story