सिन्हुता और भटियात स्कूल के बच्चों ने देखी सदन की कार्यवाही, विधान सभा अध्यक्ष से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
सिन्हुता और भटियात स्कूल के बच्चों ने देखी सदन की कार्यवाही, विधान सभा अध्यक्ष से की मुलाकात


धर्मशाला, 17 नवंबर (हि.स.)।

प्रदेश विधानसभा तपोवन में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही देखने आए चंबा जिला के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिन्हुता और भटियात स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सदन की कार्यवाही देखी। इससे पूर्व छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की।

इस अवसर पर छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष से कार्यवाही तथा विधान सभा की भूमिका, गठन तथा स्पीकर पद के महत्व पर प्रकाश डालने का आग्रह किया जिसका विधान सभा अध्यक्ष ने सिलसिलेवार उत्तर देते हुए कहा कि विधान सभा एक राज्य का कानून बनाने वाला सदन है। जैसे हमारे स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, वैसे ही राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र होते हैं, और हर निर्वाचन क्षेत्र से एक नेता चुना जाता है, जिसे विधायक कहते हैं। ये विधायक मिलकर विधान सभा बनाते हैं। विधान सभा का मुख्य काम राज्य के लोगों के लिए कानून बनाना है। जैसे स्कूल में नियम होते हैं,वैसे ही राज्य को चलाने के लिए कानून जरूरी होते हैं।

उन्होंने कहा कि विधान सभा में एक स्पीकर होता है जो सदन की कार्यवाही को नियंत्रित करता है जैसे स्कूल में प्रिंसिपल असेम्बली को चलाते हैं। इसके अतिरिक्त जो दल सरकार नहीं बना पाते वह विपक्ष की भूमिका निभाते हैं। विपक्ष का काम सरकार के कामों पर नजर रखना और लोगों की आवाज उठाना होता है। विधान सभा में किसी भी मुद्दे पर खूब बहस होती है जिसमें विधायक अपनी अपनी राय रखते हैं। जब कोई कानून बनाना होता है तो विधायक उस पर मतदान करते हैं। जिस तरफ ज्यादा वोट होते हैं वह कानून बन जाता है।

पठानिया ने कहा कि विधान सभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह लोगों को अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार में भाग लेने का मौका देता है। विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र-छात्राओं को सदन के अन्दर होने वाली कार्यवाही को देखने के लिए आमंत्रित भी किया जिसके बाद सभी बच्चों ने कार्यवाही को देखा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story