प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र का समापन, विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र का समापन, विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित


धर्मशाला, 21 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के तपोवन में आयोजित प्रदेश विधानसभा के छह दिवसीय शीतकालीन सत्र का शनिवार को समापन हो गया। इसी के साथ छह दिनों तक चले इस सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने सत्र के समापन पर सदन को जानकारी दी कि शीतकालीन सत्र छह दिनों तक चला। इस दौरान सदन की कार्यवाही लगभग 24 घंटे चली और उत्पादकता दर 80 प्रतिशत रही। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष को करीब 10 घंटे 30 मिनट और विपक्ष को 11 घंटे 7 मिनट चर्चा के लिए मिले। सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय नंदलाल और स्वर्गीय विजय सिंह मनकोटिया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अध्यक्ष ने बताया कि नियम 67 के तहत लाए गए प्रस्ताव पर करीब चार दिनों तक चर्चा हुई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के 15-15 सदस्यों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने चर्चा का जवाब देते हुए करीब एक घंटा 20 मिनट तक अपनी बात रखी। सदन में विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्नों के माध्यम से सरकार से जवाब मांगे गए। इसके अतिरिक्त 13 सरकारी विधेयक सदन में प्रस्तुत किए गए, जिन पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया। चार विधेयकों पर सदस्यों की ओर से संशोधन प्रस्ताव भी आए, जबकि हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय विधेयक में सरकार की ओर से प्रस्तुत संशोधन को मतदान के बाद स्वीकार किया गया।

अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के दौरान विधानसभा की विभिन्न समितियों के 10 प्रतिवेदन भी सदन में प्रस्तुत किए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्यमंत्री, संसदीय कार्यमंत्री, सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार जताया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story