प्रदेश में दूसरी महिला बटालियन होगी स्थापित : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में दूसरी महिला बटालियन होगी स्थापित : मुख्यमंत्री


धर्मशाला, 21 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की दिशा में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की घोषणा की है। सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को उनके नजदीक न्याय उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में राज्य उच्च न्यायालय से विचार-विमर्श कर संकल्प तैयार किया जाएगा और उसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। स्थायी बेंच की स्थापना के लिए आवश्यक भवन, भूमि और अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगी, ताकि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक प्रक्रिया में सुविधा मिल सके।

वहीं, मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एक और महिला पुलिस बटालियन स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस की महिला बिगुलर टीम की उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि 27वीं बैंड प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि टीम के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story