विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष में नोंकझोंक

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष में नोंकझोंक


धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। इस मुद्दे पर दोनों नेता आमने सामने आ गए और दोनों ने एक दूसरे पर जमकर आरोप लगाए जिससे कुछ देर के लिए सदन के भीतर माहौल काफी गरमा गया। इससे पूर् विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा प्रश्नकाल के बाद करवाने का सुझाव दिया, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव वापस लेने की शर्त रखी। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष की ओर से स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा प्रश्नकाल के बाद करवाने की बात कही गई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले भी सदन में ऐसा किया जा चुका है। उन्होंने प्रश्नकाल शुरू करवाने का सुझाव दिया।

इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यदि विपक्ष काम रोको प्रस्ताव वापस लेता है तो प्रश्नकाल करवाया जा सकता है। उन्होंने विपक्ष पर केवल सुर्खियों में रहने के लिए चर्चा लाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि विपक्ष के पास भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज या तथ्य हैं तो उन्हें सदन के पटल पर रखा जाए। सरकार तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने को तैयार है। हालांकि विपक्ष उनके इस तर्क से सहमत नही हुआ और इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story