शीतकालीन स्कूल : तीसरी, 5वीं और 8वीं कक्षा के लिए 25 अगस्त से कर सकते हैं प्रश्न-पत्रों की ऑनलाइन मांग

WhatsApp Channel Join Now
शीतकालीन स्कूल : तीसरी, 5वीं और 8वीं कक्षा के लिए 25 अगस्त से कर सकते हैं प्रश्न-पत्रों की ऑनलाइन मांग


धर्मशाला, 23 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शीतकालीन विद्यालयों में नवंबर-दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध बनाने के लिए बोर्ड ने कक्षा तीसरी, 5वीं और 8वीं के प्रश्न-पत्रों की मांग को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि सभी संबंधित विद्यालय 25 अगस्त 2026 से विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या के आधार पर ऑनलाइन अपनी मांग दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। बोर्ड ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार की ऑफलाइन मांग को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सरकारी स्कूलों को मिलेगी छूट, निजी स्कूलों के लिए शुल्क तय

इस नई व्यवस्था के तहत सरकारी विद्यालयों को प्रश्न-पत्र निःशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं, निजी स्कूलों को विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा।

कक्षा तीसरी और 5वीं के लिए 100 रुपये प्रति विद्यार्थी जबकि कक्षा 8वीं के लिए 150 प्रति विद्यार्थी शुल्क तय किया गया है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और 6 अक्टूबर 2026 के बाद किसी भी स्कूल की मांग स्वीकार नहीं होगी।

डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल निर्धारित अवधि में मांग दर्ज नहीं करता है या वास्तविक संख्या से कम-ज्यादा मांग करता है, तो परीक्षा के दौरान प्रश्न-पत्रों की कमी के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/मुख्याध्यापक, संबंधित बीईईओ और उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) सीधे तौर पर उत्तरदायी होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story