कांगड़ा में 3 और 5 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ा में 3 और 5 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी


धर्मशाला, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कांगड़ा ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जिलेवासियों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों और खड्डों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार एक, दो और चार जुलाई को जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं तीन और पांच जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने पर्यटकों को ट्रैकिंग और अन्य जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि मानसून के दौरान नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में इनके आसपास जाने से बचना ही सुरक्षित रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मौसम विभाग की प्रत्येक चेतावनी पर लगातार नजर बनाए हुए है। आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर नई एडवाइजरी जारी की जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय निकायों के माध्यम से लोगों तक सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story