धर्मशाला में नवंबर में होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र : कुलदीप पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में नवंबर में होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र : कुलदीप पठानिया


धर्मशाला, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर माह में आयोजित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने सोमवार देर शाम को जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। पर्यटकों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवंबर में सत्र आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।

इससे पूर्व शाहपुर पहुंचने पर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विधानसभा अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर सहित विभिन्न अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल सिंह पठानिया की दूरदर्शी सोच से शाहपुर दशहरा उत्सव निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह नई पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने शाहपुर की जनता से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि केवल सिंह पठानिया विधानसभा में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों में शामिल हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने शाहपुर दशहरा उत्सव के आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें सदैव उनका मार्गदर्शन और स्नेह मिलता रहा है। उन्होंने भविष्य में भी उनके सहयोग और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया, नगर पंचायत अध्यक्ष बविता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story