भारत की सुरक्षा और रणनीतिक योजना के लिहाज से कांगड़ा का एक विशेष स्थान : जनरल वीके सिंह
धर्मशाला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह शनिवार को एक आधिकारिक प्रवास के दौरान कांगड़ा हवाई अड्डे पहुंचे। इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते हुए उन्होंने क्षेत्र के रणनीतिक महत्व और समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब किसी आयोजन या कार्य के साथ देश का गौरव और नाम जुड़ा हो, तो उस पर किसी भी प्रकार का लांछन लगाना या उसे विवादों में घसीटना सर्वथा अनुचित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर नागरिक और दल के लिए राष्ट्रीय हित सबसे ऊपर होना चाहिए।
धर्मशाला और कांगड़ा के महत्व पर चर्चा करते हुए जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि सामरिक दृष्टि से धर्मशाला, कांगड़ा और योल आर्मी एरिया देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने बताया कि भारत की सुरक्षा और रणनीतिक योजना के लिहाज से कांगड़ा एक विशेष स्थान रखता है। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक और सैन्य उपयोगिता को राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था का एक अहम हिस्सा करार दिया।
एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन और लगाए जा रहे आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल के आंतरिक मामलों या उनकी कार्यप्रणाली पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि देश की प्रतिष्ठा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में सभी को जिम्मेदारी भरा आचरण करना चाहिए। उन्होंने संदेश दिया कि राजनीतिक मतभेदों को राष्ट्रहित के आड़े नहीं आने देना चाहिए और देश की छवि को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य से बचना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

