विनय शर्मा ने धर्मशाला में संभाला उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र का कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
विनय शर्मा ने धर्मशाला में संभाला उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र का कार्यभार


धर्मशाला, 03 अगस्त (हि.स.)। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पदोन्नति के बाद विनय शर्मा ने सोमवार को धर्मशाला में उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह हमीरपुर, मंडी, ऊना और धर्मशाला में बतौर जिला लोक संपर्क अधिकारी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मूल रूप से हमीरपुर जिला के नादौन (किटपल) के निवासी विनय शर्मा सरकारी सेवा में आने से पहले विभिन्न समाचार पत्रों में पत्रकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और उन्हें हिंदी राजभाषा पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।

अंतिम छोर तक सूचनाएं पहुंचाना मुख्य लक्ष्य

पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवनियुक्त उपनिदेशक विनय शर्मा ने कहा कि विभाग का मुख्य कार्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना और जनता को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में प्रिंट मीडिया के साथ साथ डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया का महत्व बढ़ गया है, इसलिए विभाग सूचना तकनीक का अधिकतम उपयोग कर जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित करेगा।

उन्होंने मीडिया जगत के साथ मजबूत समन्वय स्थापित कर पारदर्शी और त्वरित जनसंपर्क व्यवस्था बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story