विजिलेंस जांच के दौरान जुटी भीड़ पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
धर्मशाला, 18 अगस्त (हि.स.)। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के विजिलेंस थाने में पेश होने के दौरान जुटी भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पूर्व मेयर और कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि इस दौरान जुटी भीड़ को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप देने की कोशिश की गई।
जग्गी ने आरोप लगाया कि महिला मंडलों की महिलाओं को वाहनों में भरकर लाया गया और पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप देने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि विजिलेंस जांच एक कानूनी प्रक्रिया है, इसे भीड़ या राजनीतिक दबाव से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर आरोप निराधार हैं तो विधायक को विजिलेंस के सामने तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखना चाहिए। शक्ति प्रदर्शन की जरूरत क्यों? जग्गी ने प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जनता राजनीतिक दिखावे और वास्तविक जनसमर्थन का फर्क अच्छी तरह समझती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

