कुलपति आर.डी. नजीम ने किया कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
कुलपति आर.डी. नजीम ने किया कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का दौरा


धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति आर.डी. नजीम (आईएएस) ने शनिवार को विश्वविद्यालय का दौरा किया। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में स्वागत किया गया। कुलपति नजीम ने विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार सेवाओं के क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, चल रहे कार्यक्रमों तथा राज्य में कृषि विकास को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कुलपति ने अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों को उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर उन्मुख करने पर बल दिया तथा किसानों को इन्हें एक लाभकारी उद्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार सहित विभिन्न वित्तपोषण संस्थाओं से अनुसंधान एवं विकास हेतु अनुदान प्राप्त करने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाने चाहिए।

दौरे के दौरान नजीम ने गोपालपुर के निकट नेवा प्लांटेशन एलएलपी का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहां ब्लूबेरी बागान का निरीक्षण किया तथा टिश्यू कल्चर, हार्डनिंग और रोपण से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और उच्च मूल्य वाली बागवानी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

बाद में हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (एचपीएयूटीए), गैर-शैक्षणिक कर्मचारी संघ (एनटीईयू) तथा पेंशनर्स कल्याण संघ के प्रतिनिधियों ने भी कुलपति से भेंट कर उनका स्वागत किया। कुलपति ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी वास्तविक समस्याओं एवं मुद्दों को उचित मंचों पर सरकार के समक्ष उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story