77वें वन महोत्सव के मौके पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
धर्मशाला, 09 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के बुधवार को लपियाना में 77वें वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए और लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया।
उप मुख्य सचेतक केवल पठानिया ने लोगों से पेड़ लगाने और पर्यावरण को बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति के साथ मिलकर चलना होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण तैयार करना होगा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी ब्यौरा दिया तथा बताया कि क्षेत्र की पंचायतों का समग्र विकास किया जा रहा है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों की सड़क और सामुदायिक भवन की मांग को जल्द पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा गांवों में बिजली पानी, सडकें और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।
इससे पूर्व डीएफओ अमित शर्मा ने वन विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को पेड़ों से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता को जरूरी बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

