कांगड़ा वैली रेल सेवा जल्द बहाल हो, चार साल से लोग परेशान : हर्ष महाजन

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ा वैली रेल सेवा जल्द बहाल हो, चार साल से लोग परेशान : हर्ष महाजन


शिमला, 18 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कांगड़ा वैली रेल सेवा को जल्द बहाल करने और पठानकोट रेलवे स्टेशन को ममून कैंटोनमेंट में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर दोनों मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

हर्ष महाजन ने अपने पत्र में कहा है कि पठानकोट–जोगिंदर नगर कांगड़ा वैली रेल सेवा केवल एक सामान्य परिवहन साधन नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा के रूप में काम करती रही है। उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा का उपयोग लंबे समय से छात्र, मरीज, पर्यटक और रक्षा सेवाओं से जुड़े लोग करते रहे हैं। लेकिन पिछले लगभग चार वर्षों से इस ऐतिहासिक रेल मार्ग पर सेवाएं बंद रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि रेल सेवा बंद रहने से न केवल लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ा है। महाजन के अनुसार कांगड़ा घाटी के लोग लंबे समय से इस रेल सेवा को फिर से शुरू करने की मांग कर रहे हैं और इसे प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाना जरूरी है।

राज्यसभा सांसद ने अपने पत्र में पठानकोट रेलवे स्टेशन को ममून कैंटोनमेंट में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पठानकोट रेलवे स्टेशन पिछले करीब एक सदी से क्षेत्र की सेवा कर रहा है और यह बस स्टैंड, अस्पताल, बाजार, होटल और सैन्य प्रतिष्ठानों से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। ऐसे में स्टेशन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने से लोगों की सुविधा प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि बिना समुचित योजना और व्यापक विचार-विमर्श के स्टेशन को स्थानांतरित किया गया तो इससे यात्रियों की कनेक्टिविटी पर असर पड़ सकता है, यात्रा का समय और खर्च बढ़ सकता है और कांगड़ा वैली के मौजूदा रेल नेटवर्क पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। महाजन ने कहा कि किसी भी बड़े फैसले से पहले स्थानीय लोगों की भावनाओं और व्यावहारिक पक्षों का गंभीरता से मूल्यांकन किया जाना जरूरी है।

हर्ष महाजन ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि पठानकोट–जोगिंदर नगर रेल सेवा को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल किया जाए और पठानकोट रेलवे स्टेशन को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर दोबारा विचार किया जाए, ताकि लोगों की सुविधा और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संतुलित निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनता की भावनाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगी और इस मामले में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। महाजन ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए और इसी दिशा में यह मांग उठाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story