धर्मशाला में नशे में धुत इंग्लिश नागरिक ने मचाया हुड़दंग, पुलिस ने हिरासत में लिया

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)।

पर्यटन नगरी धर्मशाला के अति व्यस्तम कचहरी चौक में वीरवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक विदेशी इग्लैंड के नागरिक ने कथित रूप से नशे की हालत में जमकर हुड़दंग मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विदेशी नागरिक ने सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले लोगों की सब्जियां फेंक दीं, और एक टैक्सी पर पत्थर मारकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

इस पर पुलिस थाना धर्मशाला ने इंग्लैंड निवासी पर्यटक को डिटेन किया है। साथ ही सावर्जनिक स्थान में हुड़दंग मचाने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। जांच के दौरान इंग्लैंड के नागरिक के पास सभी वैध दस्तावेज पाए गए हैं।

घटना के दौरान जिला मुख्यालय के मुख्य कचहरी चौक पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक ने मौके पर ड्यूटी दे रही महिला ट्रैफिक पुलिस कर्मी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक हंगामा करता रहा। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के कारण कुछ समय के लिए कचहरी चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथ ही इस घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है।

स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विदेशी नागरिक से पूछताछ की जा रही है।

उधर, एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि शराब के नशे में धुत इंग्लैंड नागरिक को पुलिस ने डिटेन किया था, उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान में हुड़दंग मचाने पर कार्रवाई की गई है। उनके पास सभी दस्तावेज वैध पाए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story