विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत सराह में रोपे पौधे

WhatsApp Channel Join Now
विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत सराह में रोपे पौधे


धर्मशाला, 09 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक चलाए जा रहे माहभर के पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत वीरवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा धर्मशाला उपमंडल के समीप ग्राम सराह में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश चिराग भानु सिंह ने मृदा पूजन के उपरांत पीपल का पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर पीपल, अर्जुन, शीशम, आंवला, जामुन एवं रीठा सहित विभिन्न देशज प्रजातियों के 80 से अधिक पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर बताया गया कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा, संरक्षण, नियमित देखभाल एवं उनके जीवित रहने को सुनिश्चित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय पर्यावरण एवं जलवायु के अनुरूप देशज प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया, जिससे क्षेत्र में संतुलित एवं सतत पारिस्थितिकी तंत्र को प्रोत्साहन मिल सके। अभियान में वन विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय डॉ. अरविंद मल्होत्रा, पीठासीन न्यायाधीश, श्रम न्यायालय परवीन चौहान, मुख्य वन संरक्षक बासु कौशल, प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अमित शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश चौहान सहित टोंगलेन स्कूल के विद्यार्थियों, गैर-सरकारी संगठन जागोरी एवं उत्थान के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story