कांगड़ा में शुरू हुआ तीन राज्यों के कांग्रेस प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण शिविर

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 21 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा में मंगलवार से तीन राज्य के कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। पंजाब, जम्मू कश्मीर और हिमाचल के 80 जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के शीर्ष नेता अगले 10 दिन तक कांगड़ा के यात्री सदन में ट्रेनिंग देंगे। इसका मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है।

आल इंडिया कांग्रेस कमेटी सचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले दिन पार्टी पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा से लेकर फील्ड मैनेजमेंट के टिप्स दिए। उन्होंने कहा- संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना। उन्होंने कहा- देश के 14 राज्यों में ऐसे ट्रैनिग कैंप आयोजित किए जा चुके है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव की देखरेख में ट्रैनिग कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

देश में आरक्षण बिल के नाम पर झूठ फैलाया जा रहा : वडिंग

शिविर को सम्बोधित करते हुए राजा वडिंग ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के नाम पर देश में भाजपा द्वारा झूठ फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा- महिलाओं को आरक्षण देना पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का सपना था। भाजपा शासन में ही 2023 में महिला आरक्षण बिल संसद में पास हुआ है। केंद्र सरकार संसद की 543 सीटों में ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दे।अगर केंद्र सरकार 2023 के बिल में मामूली संशोधन करती है तो कांग्रेस उनके साथ है। मगर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लोकसभा की सीट 850 कर महिलाओं को आरक्षण देने की बात कर रहे हैं। उनमें दम है तो 543 में महिलाओं को आरक्षण दें, हम माताओं, बहनों के लिए अपनी सीट छोड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तीन चार राज्यों से डिलिमिटेशन के माध्यम से देश चलाना चाह रहे है। ऐसा कांग्रेस पार्टी नहीं होने देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story