टेट की चार विषयों की परीक्षाएं संपन्न, प्रदेश भर में बनाए गए थे 74 परीक्षा केंद्र
धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नवंबर-2026 के तहत रविवार को चार विषयों की परीक्षाएं प्रदेश भर में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टीजीटी नॉन-मेडिकल एवं स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से बारहवीं) की परीक्षाएं प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा टीजीटी संस्कृत एवं स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा पांचवीं) की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित की गईं। सभी परीक्षाएं निर्धारित समयानुसार प्रदेशभर में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर सुचारू रूप से संपन्न हुईं।
उन्होंने बताया कि टीजीटी नॉन-मेडिकल विषय के लिए 6,315, स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से बारहवीं) के लिए 133, टीजीटी संस्कृत के लिए 2,066 तथा स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा पांचवीं) के लिए 498 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इन चारों विषयों की परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में क्रमशः 45, 3, 23 एवं 3 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इस प्रकार उक्त चार विषयों के लिए कुल 9,012 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए तथा कुल 74 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन किया गया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संचालन से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध किए गए, जिसके फलस्वरूप परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुईं। उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, निरीक्षण टीमों, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि बोर्ड भविष्य में भी परीक्षाओं के संचालन को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

