टीबी उन्मूलन में समुदाय एवं विभिन्न संस्थानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण : सीएमओ

WhatsApp Channel Join Now
टीबी उन्मूलन में समुदाय एवं विभिन्न संस्थानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण : सीएमओ


धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय विशेष मासिक समीक्षा एवं क्षमता निर्माण बैठक तथा निक्षय दिवस का आयोजन वीरवार को जोनल अस्पताल, धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. ओमेश भारती की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में नेशनल टास्क फोर्स के सलाहकार डॉ. अशोक भारद्वाज ने विशेष रूप से भाग लिया तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत तकनीकी एवं कार्यक्रमगत जानकारी साझा की।

इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने जनभागीदारी के तहत नूरपुर क्षेत्र में टीबी के साथ जी रहे मरीजों के लिए 17 पोषण किट भेंट कीं। डॉ. ओमेश भारती ने कहा कि टीबी उन्मूलन में समुदाय एवं विभिन्न संस्थानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है तथा ऐसे प्रयास टीबी मरीजों के लिए पोषण एवं सामाजिक सहयोग को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर यामिनी सूद को टीबी जागरूकता एवं टीबी मुक्त भारत अभियान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

बैठक का संचालन जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आर.के. सूद ने किया। उन्होंने जिला कांगड़ा में संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 की प्रगति की विस्तृत जानकारी देते हुए विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में चल रही गतिविधियों, उपलब्धियों एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा सभी स्वास्थ्य खंडों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और गति दी जा सकती है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य खंडों एवं टीमों की सराहना करते हुए अन्य खंडों को भी अपने प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story