सुक्खू सरकार की नीतियों से प्रभावित हो रहा है पर्यटन कारोबार : सुधीर शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार की नीतियों से प्रभावित हो रहा है पर्यटन कारोबार : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए परंपरागत सोच से हटकर काम करने की जरूरत है। सरकार को नए होटल और रेस्ट हाउस बनाने के बजाय पर्यटन स्थलों तक बेहतर सड़क सुविधा, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। यह बात धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने रविवार को भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।

उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं के कारण पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमाचल की अर्थव्यवस्था के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है, लेकिन इसके लिए निजी उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उनकी समस्याओं को समझने की जरूरत है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 32 में आयोजित बैठक में भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं मनाली नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष चमन कपूर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना। इसके बाद पर्यटन कारोबार की मौजूदा स्थिति, कारोबारियों की समस्याओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।

सुधीर शर्मा ने धर्मशाला-मैक्लोडगंज सड़क की खस्ताहालत और यातायात जाम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि काला पुल से मैक्लोडगंज तक सड़क सुधार के लिए केंद्र सरकार और एनएचएआई से धन उपलब्ध होने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया में सात से आठ महीने की देरी हुई। उन्होंने दावा किया कि निर्वासित तिब्बती सरकार ने भी सड़क निर्माण में सहयोग देने की पेशकश की थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने उनसे भी पैसे मांग लिए।

उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ट्रेजरी में भुगतान संबंधी दिक्कतों के कारण ठेकेदार विकास कार्य करने से कतरा रहे हैं। विधायक निधि के भुगतान प्रभावित होने और सरकारी भुगतान में आ रही परेशानियों का भी उन्होंने जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पर्यटक अब हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार को पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाली सड़कों, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाना चाहिए। पर्यटन विभाग की वेबसाइट के सुचारू रूप से काम नहीं करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार कारोबारियों पर नीतियां थोपने के बजाय उनके सुझावों के आधार पर फैसले ले।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story