जिला कांगड़ा में सोमवार को थम जाएंगे बसों और टैक्सियों के पहिये, लोगों को बढ़ेंगी दिक्कतें

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 05 अप्रैल (हि.स.)।

जिला कांगड़ा में सोमवार को कमर्शियल व्हीकल ऑपरेटर्स की प्रस्तावित हड़ताल के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहने वाला है। लोगों की लाइफलाइन कही जाने वाली बस सेवा और टैक्सी व ऑटो सेवाओं के बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। विभिन्न मांगों को लेकर टैक्सी, ऑटो और बस ऑपरेटर्स द्वारा कल संयुक्त रूप से सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वाहनों को नही चलाया जाएगा, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

जानकारी के अनुसार इस दौरान जिले में करीब 18 से 20 हजार टैक्सियां बंद रहेंगी, जबकि 833 निजी बस रूट भी प्रभावित रहेंगे। हड़ताल के कारण सड़कों पर बसों और टैक्सियों की आवाजाही थम जाएगी और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। हड़ताल के दौरान ऑपरेटर्स सोमवार सुबह धर्मशाला के कोतवाली स्थित महात्मा गांधी स्मृति वाटिका में एकत्रित होंगे, जहां से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी। इस दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।

टैक्सी ऑपरेटर संजय शर्मा ने बताया कि कल विशेष रूप से पीले नंबर प्लेट वाले सभी कमर्शियल वाहनों के पहिये थमे रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऑपरेटर्स की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुईं, तो यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा। ऑपरेटर्स की मुख्य मांग वाहन पासिंग की सुविधा को पहले की तरह विभिन्न स्थानों पर बहाल करने की है, ताकि चालकों को अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन भी सतर्क है, लेकिन दिनभर आम जनजीवन पर इसका असर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story