प्रदेश सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को कर रही सुदृढ़ : गोमा
धर्मशाला, 20 अप्रैल (हि.स.)। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने सोमवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की जयसिंहपुर पंचायत के वार्ड नंबर 1 में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। करीब 3.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस भवन को विभाग द्वारा एक साल के भीतर तैयार किया गया है।
कैबिनेट मंत्री गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामुदायिक भवन के बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। हमारा लक्ष्य जयसिंहपुर के हर गांव तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना है और यह भवन उसी कड़ी का एक हिस्सा है।
मंत्री ने भवन के समयबद्ध निर्माण के लिए संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों की सराहना की।
इससे पूर्व स्थानीय निवासियों ने मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा मुख्य अतिथि को सम्मानित भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

