शाहपुर के चंबी में बनेगा आधुनिक खेल मैदान, निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 09 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग से शाहपुर के चंबी में खेल मैदान के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा खेल मैदान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह खेल मैदान क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा। यहां युवा सुबह-शाम खेल गतिविधियों में भाग लेते हैं। मैदान के निर्माण के बाद उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा और वे नशे व अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

स्थानीय लोगों और युवाओं ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री तथा विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक केवल सिंह पठानिया स्वयं भी युवावस्था से खेल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं।

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं एवं स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री तथा उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story