कांगड़ा के नए एसपी कुलभूषण वर्मा ने संभाला कार्यभार, चिट्टा माफिया को कड़ी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 24 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिले के नए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कार्यभार संभालते ही नशा तस्करी और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में सक्रिय चिट्टा (हेरोइन) माफिया के खिलाफ व्यापक और योजनाबद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी सूरत में अवैध नशा कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

बुधवार दोपहर बाद उन्होंने धर्मशाला स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया है। उनके पदभार ग्रहण करने के पहले बुधवार को ही निवर्तमान एसपी अशोक रतन रिलीव हो गए। कुर्सी संभालते ही नए एसपी ने जिला में नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पर्यटन नगरी की व्यवस्थाओं को सुधारने का स्पष्ट संदेश दे दिया।

एसपी वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा इसे जिला स्तर पर मजबूत रणनीति के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी और इसके लिए विशेष टीमें गठित कर काम किया जाएगा।

धर्मशाला और कांगड़ा की पर्यटन महत्ता का उल्लेख करते हुए एसपी वर्मा ने कहा कि यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर में जिन स्थानों पर जाम की समस्या अधिक है, उनका विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा और जाम के कारणों का पता लगाकर उचित समाधान निकाला जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story