एसपी कांगड़ा ने की होटल एवं रेस्तरां संचालकों के साथ बैठक, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 18 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को मैक्लोडगंज क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों के साथ एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई, जिसमें होटल एसोसिएशन के सदस्यों के साथ-साथ होटल व रैस्टोरैंट संचालकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारतीय एवं विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवास प्रदाताओं को उनके वैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।

बैठक के दौरान विदेशी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, विदेशी नागरिकों के ठहराव से संबंधित नियमों तथा आवास प्रदाताओं की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विदेशी पर्यटकों के संबंध में सी-फॉर्म भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं संधारण तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुपालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों से इन प्रावधानों का पूर्ण एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने उनके साथ सार्वजनिक सुरक्षा, नशे के दुरुप्रयोग, अपराध रोकथाम, ट्रैफिक प्रबंधन तथा पुलिस-जनता के बीच में समन्वय बनाने सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधियों को शांति बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों की रिपोर्ट करने और एक सुरक्षित व नशामुक्त समाज को बढ़ावा देने में पुलिस का सक्रिय रूप से समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित किया ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story