पर्यटन सीजन में कानून और ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा पुलिस का फोक्स : एसपी
धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला पुलिस की मासिक कल्याण एवं अपराध समीक्षा बैठक सोमवार को धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस जवानों की कल्याण संबंधी जरूरतों के साथ अपराध की स्थिति, मामलों की जांच, डिटेक्शन और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ जिले में पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावना है। ऐसे में कानून-व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना जिला पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि इस वर्ष अब तक कांगड़ा जिले में 1461 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1446 मामले दर्ज हुए थे। अपराधों की डिटेक्शन में एनडीपीएस अधिनियम, आबकारी अधिनियम और अवैध खनन से जुड़े मामले प्रमुख रहे हैं। नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लंबित जांच को जल्द पूरा कर मामलों को न्यायालय में भेजना पुलिस की प्राथमिकता है। वर्तमान में जिला पुलिस की जांच संबंधी लंबितता 21 प्रतिशत है, जो पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्धारित 20 प्रतिशत के लक्ष्य से महज एक प्रतिशत अधिक है। इसे 20 प्रतिशत या इससे कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी ने बताया कि पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत इस माह तीन प्रस्ताव भेजे गए हैं। आगे भी ऐसे और प्रस्ताव भेजने का लक्ष्य रखा गया है। नशे के मामलों में पहले पकड़े जा चुके आदतन अपराधियों और तस्करों पर पुलिस की लगातार निगरानी है। पिछले माह एनडीपीएस के दो मामलों में करीब 49.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस माह 14 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, लापता लोगों के मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई तेज की है।
एसपी ने बताया कि ब्यास नदी क्षेत्र, लंबागांव, जयसिंहपुर और लंज क्षेत्र से मिलने वाली अवैध खनन की शिकायतों पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुरक्षा तथा सुचारू यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाना जिला पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

