एसओएस परीक्षाओं के लिए केंद्र अधीक्षक एवं उप-केंद्र अधीक्षक नियुक्त : डॉ. राजेश शर्मा
धर्मशाला, 13 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा 16 सितंबर से आयोजित की जा रही राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की मैट्रिक एवं जमा दो कक्षाओं की सितंबर परीक्षाओं के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों में केंद्र अधीक्षक एवं उप-केंद्र अधीक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षाओं के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों में नियुक्त केंद्र अधीक्षक एवं उप-केंद्र अधीक्षकों के नियुक्ति पत्र संबंधित विद्यालयों के स्कूल लॉगिन पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। संबंधित अधिकारी निर्धारित परीक्षा केंद्र पर समय पर उपस्थित होकर बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया को संपन्न करवाएंगे।
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी नियुक्त केंद्र अधीक्षकों एवं उप-केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर लें तथा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

