एचपी एसएमसी-एलडीआर टेस्ट : अस्थायी उत्तर कुंजी जारी, 7 मार्च तक दर्ज कराएं आपत्तियां

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 05 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एचपी एसएमसी-एलडीआर टेस्ट–2026 की विभिन्न विषयों की परीक्षाओं की अस्थायी उत्तर कुंजियां (प्रोविजनल आंसर की) वीरवार को आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी गई है। ये परीक्षाएं प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों में 22 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थीं। अभ्यर्थी अब अपनी संबंधित सीरीज (ए, बी, सी एवं डी) के अनुसार उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।

इन सात श्रेणियों के लिए जारी हुए परिणाम के विकल्प

इस परीक्षा प्रक्रिया में शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण पद शामिल थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उत्तर कुंजियां टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी हिंदी, टीजीटी संस्कृत, ड्राइंग मास्टर तथा जेबीटी विषयों के लिए जारी की गई हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चारों सीरीज के लिंक वेबसाइट पर सक्रिय कर दिए गए हैं, जिससे वे अपने प्रदर्शन का सटीक आकलन कर सकें।

गलत उत्तरों पर आपत्ति दर्ज करने की समय-सीमा और प्रक्रिया

बोर्ड अध्यक्ष ने डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि यदि किसी भी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर पर संदेह है या कोई त्रुटि प्रतीत होती है, तो वे अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां प्रमाणित तथ्यों के साथ ई-मेल आईडी पर भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त, कार्य दिवसों के दौरान बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर भी अपनी आपत्तियां जमा करवाई जा सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story