नूरपुर में स्मार्ट एमएसएमई पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
नूरपुर में स्मार्ट एमएसएमई पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन


धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। रैंप योजना के अंतर्गत स्मार्ट एमएसएमई विषय पर वीरवार को नूरपुर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग और सेंट्रल इलेक्ट्राॅनिक्स लिमिटेड (सीईएल) की विश्व बैंक समर्थित रैंप परियोजना के तहत आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को उद्योग 4.0 की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) नूरपुर से विस्तार अधिकारी अर्जुन सिंह एवं एसडब्ल्यूसीए सदस्य सचिव नितिन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में 40 से अधिक स्थानीय उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तकनीकी सत्र में संजीव शर्मा द्वारा स्मार्ट एमएसएमई योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि कैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), क्लाउड ईआरपी, मशीन स्वास्थ्य निगरानी, ऊर्जा प्रबंधन और रोबोटिक स्वचालन जैसी तकनीकों से कारखानों में उत्पादन लागत को कम किया जा सकता है, मशीनों की खराबी को पहले से रोका जा सकता है, बिजली की खपत को नियंत्रित किया जा सकता है और उत्पादों की गुणवत्ता को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। इस दौरान उपस्थित उद्योगों को स्मार्ट तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी दिखाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story