स्मार्ट सिटी में बरसात से पहले पूरी हो जाएगी अंडरग्राउंड केबलिंग की टेस्टिंग व ट्रायल

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 10 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला में बरसात से पहले अंडरग्राउंड केबलिंग की टेस्टिंग व ट्रायल कार्य पूरा कर लिया जाएगा। विद्युत बोर्ड मंडल धर्मशाला द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य इसी माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद निरीक्षण व टेस्टिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी धर्मशाला में स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला से बस स्टैंड तक अंडरग्राउंड केबलिंग की जा रही है, जिसका जिम्मा स्मार्ट सिटी ने विद्युत बोर्ड धर्मशाला को सौंपा है। इस दौरान जहां भी समस्याएं पेश आ रही हैं, उन्हें स्मार्ट सिटी के समक्ष उठाकर हल करवाया जा रहा है।

विद्युत बोर्ड मंडल धर्मशाला के एक्सईएन विकास ठाकुर ने बताया कि धर्मशाला में स्मार्ट रोड किनारे अंडर ग्राउंड केबलिंग का कार्य विद्युत बोर्ड मंडल धर्मशाला द्वारा किया जा रहा है। यह कार्य हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से धर्मशाला बस स्टैंड तक किया जाना है। धर्मशाला बस स्टैंड से लेकर नगर निगम के पुराने कार्यालय तक और शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से लेकर कचहरी तक का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बीच के एरिया का शेष कार्य विद्युत बोर्ड द्वारा इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। बीच के एरिया को लेकर जो समस्याएं थी, उन्हें स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से बातचीत करके हल किया जा रहा है तथा साथ ही अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य भी चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य पूरा होने के उपरांत इसका निरीक्षण किया जाएगा और टेस्टिंग की प्रक्रिया है, उसे पूरा किया जाएगा। बरसात से पहले इसकी टेस्टिंग और ट्रायल पूरा करके इसे चालू करने के प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story