एसआईआर का विरोध कर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठा रही कांग्रेस : राकेश शर्मा
धर्मशाला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एसआईआर जैसी संवैधानिक प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय बनाकर देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के बयान देशद्रोह से कम नहीं हैं। उन्होंने ऐसे बयानों की कानूनी जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश शर्मा ने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। देश में इससे पहले भी विभिन्न वर्षों में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शासनकाल में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण स्वीकार्य था, तो आज उसी प्रक्रिया का विरोध किस आधार पर किया जा रहा है।
राकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची की शुद्धता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। बिना प्रमाण चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर बार-बार सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को प्रभावित करने का प्रयास है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर अनावश्यक भय और भ्रम का वातावरण तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि वह मतदाता सूचियों के नियमानुसार शुद्धीकरण का विरोध क्यों कर रही है और उसकी आपत्तियों का तथ्यात्मक आधार क्या है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक असहमति और संवैधानिक संस्थाओं के निर्णयों पर सवाल उठाने का अधिकार सभी को है, लेकिन आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य प्रस्तुत करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों को चुनाव आयोग के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को लेकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए माफी मांगनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

