तीन शिक्षाविदों को मिलेगा इस वर्ष का ‘शिक्षा भूषण’ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा जगत और समाज जीवन में प्रेरणादायी एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले श्रेष्ठ शिक्षाविदों को प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित ‘शिक्षा भूषण–अखिल भारतीय शिक्षक सम्मान’ इस वर्ष डी. रामकृष्ण राव, प्रो. बी. महादेवन और प्रो. एम. जगदीश कुमार को प्रदान किया जाएगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं शैक्षिक फाउंडेशन द्वारा इन तीनों शिक्षाविदों के चयन की घोषणा की गई है। सम्मान 3 अक्टूबर को हैदराबाद में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं शैक्षिक फाउंडेशन द्वारा शिक्षा जगत और समाज जीवन के लिए प्रेरणादायी एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले श्रेष्ठ शिक्षाविदों को सम्मानित करने की परंपरा वर्ष 2015 से प्रारंभ हुई। प्रत्येक वर्ष ऐसे तीन शिक्षाविदों का चयन कर उन्हें ‘शिक्षा भूषण–अखिल भारतीय शिक्षक सम्मान’ प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपना जीवन भारतीय गुरु-परंपरा की गरिमा और आदर्शों के अनुरूप शिक्षा एवं समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया हो।

सम्मान के अंतर्गत चयनित शिक्षाविदों को उनके अविस्मरणीय योगदान के आधिकारिक प्रमाण के रूप में प्रशस्तिपत्र, शाश्वत स्मृति एवं प्रेरणा के प्रतीक के रूप में रजत चिन्ह तथा एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story