मणिमहेश यात्रा 4 से 9 सितंबर तक, श्रद्धालुओं को करवाना होगा ऑनलाइन पंजीकरण

WhatsApp Channel Join Now
मणिमहेश यात्रा 4 से 9 सितंबर तक, श्रद्धालुओं को करवाना होगा ऑनलाइन पंजीकरण


धर्मशाला, 14 अगस्त (हि.स.)। चम्बा जिला में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए मणिमहेश न्यास द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इस वर्ष श्री मणिमहेश यात्रा 4 से 9 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी। श्रद्धालु यात्रा पर जाने से पूर्व मणिमहेश न्यास के ऑनलाइन पोर्टल https://www.manimaheshyatra.hp.gov.in/register पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा में प्रतिवर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन एवं पवित्र मणिमहेश झील में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाओं के प्रबंधन के दृष्टिगत इस वर्ष मणिमहेश न्यास द्वारा प्रतिदिन 5 हजार श्रद्धालुओं की सीमा निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु का यात्रा पर जाने से पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि निर्धारित संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्रा से पहले ही अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं और प्रशासन व न्यास को व्यवस्थाओं के संचालन में कोई दिक्कत न हो।

उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से यात्रा की पवित्रता एवं धार्मिक आस्था का सम्मान बनाए रखने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग तथा पर्वतीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा कचरा न फैलाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story