शाहपुर कॉलेज में हवन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, केवल पठानिया रहे मुख्यातिथि

WhatsApp Channel Join Now
शाहपुर कॉलेज में हवन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, केवल पठानिया रहे मुख्यातिथि


शाहपुर कॉलेज में हवन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, केवल पठानिया रहे मुख्यातिथि


धर्मशाला, 15 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जुड़ी है। इसी सोच के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं हवन के साथ करने की एक नई एवं सार्थक पहल की गई है। इसी क्रम में बुधवार को राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में आयोजित सरस्वती वंदना कार्यक्रम में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हवन में आहुतियां देकर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक मंगलवार प्रातः हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र के पाठ के साथ विद्यालयी गतिविधियों की शुरुआत की गई है।

शाहपुर कॉलेज में इस सत्र से शुरू होंगी बीवॉक कक्षाएं

केवल सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में इसी शैक्षणिक सत्र से बीवॉक की कक्षाएं शुरू करने की अनुमति मिल गई है। साथ ही भविष्य में यहां बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू करने की भी योजना है। महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय में बीवॉक एवं पीजीडीसीए पाठ्यक्रमों की मंजूरी दिलाने के लिए विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story