शिक्षा से ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा महाविद्यालय में उपलब्धि की सकारात्मक संस्कृति विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने यह विचार शनिवार को राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति और समाज के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी निष्ठा से आगे बढ़ें। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक जिम स्थापित करने की घोषणा भी की, जिससे युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ और सशक्त बनने में सहायता मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

