बजट में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के लिए 20 करोड़ का प्रावधान : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
बजट में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के लिए 20 करोड़ का प्रावधान : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 23 मार्च (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के लिए इस बार प्रदेश बजट में 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह जानकारी सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रजोल में जिला कांगड़ा एवं चंबा के बच्चों को नेचर कैंप के लिए रवाना करने से पूर्व दी।

उन्होंने बताया कि यह राशि प्रदेश में स्थापित एटीसी (उपयुक्त प्रौद्योगिकी केंद्रों) के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन में उपयोग की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में विज्ञान, नवाचार और पर्यावरण जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।

इस दौरान एटीसी शाहपुर के तत्वावधान में जिला कांगड़ा और चंबा के 14 स्कूलों के 40 विद्यार्थियों को नेचर कैंप के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थी पालमपुर साइंस सिटी, गोपालपुर चिड़ियाघर तथा चाय बागानों का भ्रमण कर प्रकृति, पर्यावरण और विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेंगे।

केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नेचर कैंप से लौटकर अपने अनुभव, नवाचार और सुझाव साझा करें, ताकि युवाओं की सोच को उचित मंच मिल सके। उन्होंने विश्व मौसम विज्ञान दिवस के अवसर पर उपस्थित बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं भी दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story