सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के निपटारे के लिए 31 जुलाई तक आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 15 जून (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कांगड़ा के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को आपसी सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल होने हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जिसके माध्यम से वे आपसी सहमति एवं मध्यस्थता के जरिए अपने विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि आम नागरिकों के लिए न्याय को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 21 अप्रैल 2026 से समाधान समारोह 2026 का शुभारंभ किया गया है। इसके तहत लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लिए एक सरल आॅनलाइन गूगल फाॅर्म उपलब्ध कराया गया है, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट www.sci.gov.in पर उपलब्ध है।

इच्छुक पक्षकार निर्धारित लिंक के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story