सद्भावना दिवस पर स्कूल शिक्षा बोर्ड में सचिव ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
सद्भावना दिवस पर स्कूल शिक्षा बोर्ड में सचिव ने दिलाई शपथ


धर्मशाला, 20 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला में वीरवार को सद्भावना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बोर्ड के सचिव अंकुश शर्मा ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि सद्भावना दिवस हमारे देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की उस भावना का प्रतीक है, जो भारत की लोकतांत्रिक एवं समावेशी परंपरा को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि विविधताओं में एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह समाज में शांति, समानता और सद्भावना को बढ़ावा दे।

डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिकों और मजबूत समाज के निर्माण का माध्यम भी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह निष्पक्षता, पारदर्शिता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को बढ़ावा देने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story