आरएसएस के सरकार्यवाह 28 से 30 मार्च तक हिमाचल प्रवास पर, दलाई लामा से भी करेंगे मुलाकात
धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले 28 से 30 मार्च तक तीन दिवसीय प्रवास पर हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वह कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी प्रांत संघचालक डॉ. वीर सिंह रांगडा ने दी। उन्होंने बताया कि अपने इस प्रवास के दौरान होसबाले कांगड़ा जिले के धर्मशाला में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित रहेंगे। तय कार्यक्रम के तहत 28 एवं 29 मार्च को धर्मशाला में प्रमुख जन संगोष्ठी, युवाओं के लिए विशेष एकत्रीकरण तथा एक धर्म सम्मेलन का आयोजन होगा जिनमें दतात्रेय होसबाले उपस्थित रहेंगे और समाज के विभिन्न वर्गों से वार्तालाप करेंगे। इन कार्यक्रमों में वे संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में संगठन के विचार, कार्य और भावी दिशा पर अपने विचार सांझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि गत विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण हुए हैं। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, इसी कड़ी में हिमाचल के कांगड़ा में भी इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला प्रवास के दौरान होसबाले तिब्बती धर्मगुरु परम पावन दलाई लामा से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

