व्यक्ति एवं राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण करना ही संघ का लक्ष्य : होसबोले

WhatsApp Channel Join Now
व्यक्ति एवं राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण करना ही संघ का लक्ष्य : होसबोले


व्यक्ति एवं राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण करना ही संघ का लक्ष्य : होसबोले


व्यक्ति एवं राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण करना ही संघ का लक्ष्य : होसबोले


धर्मशाला, 29 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला कांगड़ा द्वारा रविवार को धर्मशाला में एक जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले बतौर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी संघ कार्य कि 100 वर्षों की यात्रा को पूर्ण किया है। इन सौ वर्षो में संघ ने सेवा एवं समर्पण भाव से देश सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया। स्वतन्त्रता सेनानी एवं संघ संस्थापक डा. हेडगेवार जी ने भारत को स्वतंत्र एवं शक्तिशाली बनाने के लिए विजयदशमी 1925 के दिन संघ का कार्य प्रारम्भ किया। देश भक्ति से ओत प्रोत एवं समाज का भला करने वाले व्यक्ति संघ की नित्य शाखा से निर्माण हो रहे हैं। संघ का कार्य हिन्दू समाज को संगठित, सशक्त एवं समर्थ बनाने के लिए चल रहा है।

उन्होंने कहा की संघ देश को अच्छा करने के लिए सामान्य व्यक्ति के व्यक्तिगत चरित्र एवं राष्ट्रीय चरित्र दोनों को ठीक करने की दृष्टि से कार्य कर रहा है। समाज की उन्नति के लिए समाज का संगठन करना, सामूहिक प्रयास करना, सबको साथ लेकर चलना यह भी अति आवश्यक है। देश के सर्वागीण विकास में सभी का योगदान होना चाहिए। संघ सभी प्रकार के भेदभाव को समाप्त कर समाज के लिए कार्य करता है। संघ केवल एक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्रीय आंदोलन है और संघ कार्यकर्ताओं के लिए एक जीवन शैली है।

वर्तमान में अपना भारत देश दुनिया में अग्रणी देशों में से एक है। संघ कार्य का लक्ष्य भारत को समरस, समर्थ एवं समर्थ बनाने का है। भारत दुनिया को जीवन जीने की शैली बता रहा है। अन्य देश भारत का अनुसरण कर रहे हैं। कार्यक्रम में प्रमुख जनों द्वारा सामाजिक, आर्थिक राजनैतिक, सेवा कार्य एवं देश दुनिया की वर्तमान परिस्थिति, शिक्षा नीति, संस्कार पक्ष, संघ में महिलाओं की सहभागिता को लेकर प्रश्न भी पूछे गए जिनका सरकार्यवाह द्वारा समाधान किया गया।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय ने कहा कि आज देश में एक लाख से अधिक सेवा कार्य चल रहे हैं। एक लाख से अधिक स्थानों पर शाखा मिलन संघ मंडली चल रही है। संघ के स्वयंसेवक समाज जीवन में अनेक क्षेत्रों, गतिविधियों में समाज के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैँ।

गोष्ठी में जिला कांगड़ा के विभिन्न स्थानों से सेवानिवृत सेना अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के आचार्य, व्यापार मंडल के अध्यक्ष, प्रसिद्ध गायक, खिलाडी, समाचार पत्रों के मुख्य संपादक, जन प्रतिनिधि, अनेक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं साधु संतों ने भाग लिया।

इस अवसर पर प्रान्त संघचालक डा. वीर सिंह रांगड़ा, सह प्रान्त संघचालक अशोक शर्मा विभाग संघचालक भूषण रैना, जिला संघचालक प्रदीप कुमार क्षेत्र कार्यवाह रोशन यादव सहित समाज के प्रतिष्ठित जन एवं संघ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story