नगरोटा में 1 करोड़ 79 लाख से बनेगा विद्युत मंडल एवं उपमंडल कार्यालय

धर्मशाला, 05 अप्रैल (हि.स.)। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में शुरू से ही विकास को प्राथमिकता दी जाती है। पूर्व मंत्री स्वर्गीय जी.एस. बाली की कार्यशैली और उनके विजन के चलते यहां आज उत्कृष्ट संस्थानों के साथ गांव-गांव तक सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंची हैं। उनकी कार्यशैली और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों पर चलकर नगरोटा में आज भी केवल विकास की ही बात हो रही है। नगरोटा में विद्युत मंडल एवं उपमंडल कार्यालय भवन के भूमि पूजन के अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने यह उद्गार प्रकट किए। उन्होंने यहां 1 करोड़ 79 लाख रुपए की राशि से बनने वाले विद्युत मंडल एवं उपमंडल कार्यालय भवन का भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल्द इस भवन को तैयार कर क्षेत्र के लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
बाली ने कहा कि विद्युत भवन बनने से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय जी.एस. बाली के आदर्शों पर चलकर नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में आज भी क्षेत्र को आगे ले जाने की ही बात होती है। उन्होंने कहा कि यहां एक तरफ टांडा मेडिकल कॉलेज और राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जैसे नामी संस्थान कार्य कर रहे हैं। वहीं गांवों के समग्र विकास के लिए भी पूरी योजना से काम किया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा करोड़ों की राशि व्यय की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नगरोटा में पर्यटन की दृष्टि से भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर आज कार्य हो रहा है। नगरोटा में कामकाजी महिलाओं के लिए 8 करोड़ 34 लाख रुपए की राशि से छात्रावास का निर्माण किया जाएगा इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया