प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में हो रहा सुधार : बाली

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में हो रहा सुधार : बाली


धर्मशाला, 18 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी तरह के शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया है जिसके सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहे हैं। यह उद्गार पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं विधायक नगरोटा बगवां आरएस बाली ने राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नगरोटा बगवा में केंद्रीय छात्र परिषद समारोह सबरस में बतौर मुख्य अतिथि रहे।

इस मौके पर उन्होंने समस्त प्रशासन और छात्रों को सबरस समारोह 2026 के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा यह महाविद्यालय छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा हमारे जीवन में छात्र जीवन का समय ऐसा समय होता है जो हमारे जीवन के भविष्य की दिशा को बनाने का काम करता है। उन्होंने कहा यह समय हमारी मेहनत करने का समय होता है जो छात्र इस समय का सदुपयोग करते हैं कठिन परिश्रम करते हैं उनका भविष्य उज्जवल बनता है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी छात्र राजनीति से निकलकर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उन्होंने सभी छात्रों से छात्र जीवन में कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए इस महाविद्यालय में 5 करोड़ रुपए की लागत से गर्ल्स हास्टल बन रहा है जिसका काम जल्द पूरा होगा। इस हास्टल का अनेकों बेटियों को लाभ मिलेगा। सबरस कार्यक्रम में गायन, नृत्य, भाषण, कविता, रंगोली, फेंसी ड्रेस सहित अन्य अनेकों प्रतियोगिताएं करवाईं गई जिसमें महाविद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतियोगियों को इनाम बांटे।

उन्होंने कॉलेज की कंप्युटर लैब के लिए 22 लाख रुपये की लागत से 30 आधुनिक कंप्युटर देने की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय का मुख्य द्वार बनाने की भी घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story